अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय सूरजपुर में नारी शक्ति के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन महिलाओं को समर्पित रहा जिन्होंने न्याय और समाज की बेहतरी में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम का संचालन प्रज्ञा पचौरी और विनीता वार्नर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पायल टोपनो, रूचि मिश्रा और हिमांशी सराफ सहित बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी और पैरा लीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।
इस अवसर पर न्यायाधीशों ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश और समाज को सही दिशा देने में नारी शक्ति की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि हमें उन वीरांगनाओं और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को याद रखना चाहिए जिन्होंने महिलाओं के अधिकार और सम्मान की राह प्रशस्त की है। साथ ही उपस्थित महिलाओं को न्याय के क्षेत्र में और अधिक सशक्त होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें महिला न्यायाधीशों, वरिष्ठ महिला अधिवक्ताओं और वरिष्ठ पैरा लीगल वॉलेंटियर्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण और समाज के प्रति सेवा भावना का प्रतीक रहा।
