IND vs NZ T20 WC Final 2026: अहमदाबाद। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए कीवी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और बड़े स्कोर की मजबूत नींव रखी।
पावरप्ले में भारत की विस्फोटक शुरुआत
भारत को ओपनिंग जोड़ी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई। पहले ही ओवर में संजू सैमसन ने मैट हेनरी की गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए।
दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरते हुए पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। पहले छह ओवर में भारत ने बिना विकेट गंवाए 92 रन बना दिए। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर तेज बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया।
अभिषेक, संजू और ईशान की शानदार पारियां
अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद संजू सैमसन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली और इस टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा।
वहीं ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 23 गेंदों में 54 रन बनाए और टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
शिवम दुबे की तेजतर्रार फिनिशिंग
पारी के अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने शानदार फिनिशिंग की। उन्होंने महज 8 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत कर दिया।
भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन
न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट हासिल किए। वहीं रचिन रविंद्र और मैट हेनरी को एक-एक विकेट मिला।
