CG : रायपुर। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए इसे प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीएनजी से संचालित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता श्रीमती पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस अवधि में राज्य ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इसी विकास यात्रा की एक नई उपलब्धि है। उन्होंने इसे केवल सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में राज्य का मजबूत संकल्प बताया।
उन्होंने कहा कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल की परेशानी से राहत मिलेगी और सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा। सस्ती और सुलभ ऊर्जा उपलब्ध होने से उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए अपेक्षा जताई कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में भी सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क जल्द विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण कम होगा और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी कमी आएगी।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि प्रदेशवासियों को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सके। विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने की नीति के तहत राज्य में ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दी जा रही है।
गौरतलब है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शुरू की गई है। इसके तहत घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पाइपलाइन से पीएनजी की आपूर्ति तथा वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गैल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के कई लोग उपस्थित रहे।
