PCB, BCB and ICC Meeting in Lahore: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर जारी विवाद के बीच लाहौर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने गद्दाफी स्टेडियम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा से मुलाकात की। PCB ने इस बैठक की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं।
विवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेले जाने वाले हाई-वोल्टेज मैच पर अनिश्चितता बनी हुई थी। PCB ने पहले इस मुकाबले के बहिष्कार के संकेत दिए थे। उसका कहना था कि वह बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखा रहा है, क्योंकि ICC ने सुरक्षा चिंताओं के बावजूद बांग्लादेश बनाम भारत मैच को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने से इनकार कर दिया था।
इसी बीच ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया, जिससे स्थिति और जटिल हो गई।
ICC का हस्तक्षेप
सूत्रों के मुताबिक, ICC ने PCB से यह स्पष्ट करने को कहा कि वह भारत के खिलाफ मैच से हटने के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज का आधार कैसे बना सकता है। इमरान ख्वाजा इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए लाहौर पहुंचे थे। ICC बोर्ड में उनके पास मतदान का अधिकार भी है, जिससे उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से PCB को भेजे गए एक ईमेल के बाद स्थिति में बदलाव आया। इसमें कहा गया था कि अगर भारत-पाक मैच रद्द होता है, तो इससे सभी संबंधित पक्षों और प्रसारणकर्ताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
अब नरम पड़ा रुख
बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान का रुख पहले की तुलना में अधिक लचीला हो गया है। बातचीत को सकारात्मक बताया जा रहा है और क्रिकेट के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है।
अब संभावना जताई जा रही है कि 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान की टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार आमने-सामने उतर सकती हैं। क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें अब आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।
