पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार की प्रसाद (PRASAD) योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आस्था स्थल माँ बम्लेश्वरी देवी मंदिर, डोंगरगढ़ के समग्र विकास का कार्य पूर्ण हो गया है। इस परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा पर्यटन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को 48 करोड़ 43 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी।
परियोजना के तहत माँ बम्लेश्वरी पहाड़ी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ियों का जीर्णोद्धार, शेड, रेलिंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। पहाड़ी के नीचे स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण, दुकानों का निर्माण, पार्किंग व्यवस्था एवं पूरे क्षेत्र में साइनेज का कार्य भी कराया गया है।
इसी प्रकार प्रज्ञागिरि परिसर में ध्यान केन्द्र, कैफेटेरिया, पार्किंग, सीढ़ियों का जीर्णोद्धार, सोलर प्रकाशीकरण और पेयजल की व्यवस्था विकसित की गई है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए 9.5 एकड़ क्षेत्र में एक भव्य पर्यटक सुविधा केन्द्र का निर्माण किया गया है, जिसका स्वरूप श्रीयंत्र के आकार में तैयार किया गया है। इस केन्द्र में ध्यान केन्द्र, विश्राम कक्ष, प्रसाद कक्ष, सांस्कृतिक मंच, क्लॉक रूम, सत्संग कक्ष, पेयजल, शौचालय, लैंडस्केपिंग, सोलर लाइटिंग, पार्किंग और भव्य प्रवेश द्वार सहित अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं। निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, केवल फिनिशिंग कार्य शेष है।
परियोजना की निगरानी के लिए निगरानी समिति एवं दिशा समिति का गठन किया गया है, जो समय-समय पर कार्यों की समीक्षा कर रही है। श्रमिकों को नियमानुसार भुगतान किया जा रहा है।
निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की अनुबंधित एजेंसी टीसीआईएल (TCIL) द्वारा कराया गया है, जो भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय से संबद्ध संस्था है।
