V. Srinivasan Passes Away : नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का आज सुबह अचानक निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। सूत्रों के अनुसार श्रीनिवासन अपने घर पर अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानमंत्री और खेल जगत ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएमओ के अनुसार प्रधानमंत्री ने श्रीनिवासन के निधन पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने भी श्रीनिवासन के निधन पर दुःख व्यक्त किया। रिजिजू ने कहा कि श्रीनिवासन का जाना भारतीय खेल बिरादरी के लिए बड़ी क्षति है।
वी. श्रीनिवासन: पीटी उषा के जीवन के पिलर
वी. श्रीनिवासन अपने जीवन में हमेशा पीटी उषा के समर्थन में खड़े रहे। उषा के एथलीट करियर से लेकर राज्यसभा सांसद और IOA अध्यक्ष बनने तक हर कदम पर उनका साथ रहा। वे अक्सर अहम बैठकों और कार्यक्रमों में उषा के साथ दिखाई देते थे और उनके व्यावसायिक एवं पेशेवर निर्णयों में अहम भूमिका निभाते थे।
रिटायर्ड फौजी और परिवार का समर्थन
श्रीनिवासन सीआईएसएफ (CISF) में डीएसपी रह चुके थे। उनका जीवन खेल और परिवार दोनों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पीटी उषा के खेल करियर और राजनीतिक सफर को सफलता की राह पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेल जगत और समाज में उनके योगदान को याद किया जाएगा
वी. श्रीनिवासन को हमेशा पर्दे के पीछे रहकर महान एथलीट का साथ देने वाले समर्थक के रूप में याद किया जाएगा। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि भारतीय खेल बिरादरी को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
