Bangladesh Cricket Board on IPL : नई दिल्ली/ढाका। बांग्लादेश ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर बड़ा कदम उठाया है। बांग्लादेशी टीवी चैनलों को अब IPL मैचों और संबंधित कार्यक्रमों का प्रसारण अनिश्चितकाल के लिए रोकने का आदेश दिया गया है। यह निर्णय BCCI द्वारा बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बाहर करने के तुरंत बाद लिया गया।
मंत्रालय ने टीवी चैनलों को भेजा आधिकारिक निर्देश
बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 5 जनवरी को सभी टेलीविजन चैनलों को आधिकारिक पत्र के माध्यम से निर्देश दिया कि BCCI के फैसले के कारण देश में IPL के प्रसारण को तुरंत रोक दिया जाए। पत्र में कहा गया कि BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL के आगामी सीजन के लिए KKR से बाहर किया, लेकिन इसके पीछे कोई ठोस कारण नहीं दिया गया। इस कदम से बांग्लादेशी क्रिकेट प्रेमियों में गहरी निराशा और गुस्सा देखा गया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अगले आदेश तक सभी IPL मैच और संबंधित कार्यक्रम प्रसारित नहीं किए जाएंगे।
T20 वर्ल्ड कप 2026 पर भी असर
बांग्लादेश पहले ही T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं जाने का निर्णय ले चुका है। BCB ने ICC को पत्र लिखकर बांग्लादेश के सभी मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की अपील की है। लीग स्टेज में बांग्लादेश के पहले तीन मैच कोलकाता में और चौथा मैच मुंबई में निर्धारित था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ICC चेयरमैन जय शाह की निगरानी में नए शेड्यूल पर काम शुरू कर चुका है।
क्रिकेट और राजनीतिक तनाव
मुस्तफिजुर रहमान के IPL से बाहर होने के बाद बांग्लादेश ने IPL के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा कर साफ संदेश दिया है कि वह इस फैसले से नाराज है। इससे न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों में आक्रोश है, बल्कि भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट से जुड़े रिश्तों पर भी असर पड़ सकता है। इस कदम को खेल और रणनीति दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
