कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अभिनव पहल से श्रीअन्न को मिलेगा नया मंच
धमतरी, पोषण सुरक्षा, किसान समृद्धि एवं सतत कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में धमतरी जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक पहल करते हुए जिले में पहली बार ‘मिलेट्स महोत्सव’ के आयोजन की घोषणा की है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की विशेष पहल पर यह महोत्सव 5 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।
इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं आम नागरिकों को मिलेट्स (श्रीअन्न) की खेती, इसके पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ तथा विपणन की व्यापक संभावनाओं से अवगत कराना है। यह आयोजन जिले को स्वस्थ समाज और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मिलेट्स व पारंपरिक व्यंजनों की लगेगी आकर्षक प्रदर्शनी
महोत्सव के दौरान जिले में उत्पादित कोदो, कुटकी, रागी सहित विभिन्न प्रकार के मिलेट्स तथा उनसे तैयार पोषक, स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में शामिल नागरिक इन व्यंजनों का स्वाद लेकर मिलेट्स आधारित आहार को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
पद्मश्री डॉ. खादर वल्ली करेंगे विशेष मार्गदर्शन
इस आयोजन को और भी गरिमामयी बनाने के लिए पद्मश्री सम्मानित डॉ. खादर वल्ली विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे किसानों और आमजन को मिलेट्स के नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभ, जीवनशैली में इसके महत्व, मधुमेह, हृदय रोग एवं पाचन संबंधी समस्याओं में इसकी उपयोगिता के साथ-साथ वैज्ञानिक खेती एवं विपणन के अवसरों पर विस्तृत मार्गदर्शन देंगे।
कम पानी, अधिक पोषण और ज्यादा आमदनी का विकल्प
उल्लेखनीय है कि मिलेट्स में प्रचुर मात्रा में फाइबर, आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन एवं आवश्यक खनिज तत्व पाए जाते हैं। यह फसल कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली, जलवायु-अनुकूल एवं पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, जिससे किसानों की लागत घटती है और आय बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं।
जन-आंदोलन बनाने की अपील
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले के कृषकों, महिला समूहों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक मिलेट्स महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स को जन-आंदोलन का रूप देकर ही स्वस्थ समाज, समृद्ध किसान और सशक्त जिले की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
