अफ्रीका कप ऑफ नेशंस 2025 में खराब प्रदर्शन के बाद गैबॉन फुटबॉल टीम पर बड़ी गाज गिर गई है। ग्रुप स्टेज से बाहर होने की करारी निराशा के बाद गैबॉन सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए पूरी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है। इस फैसले से अफ्रीकी फुटबॉल जगत में हड़कंप मच गया है।
सरकार ने न सिर्फ खिलाड़ियों पर कार्रवाई की है, बल्कि पूरा कोचिंग स्टाफ भी भंग कर दिया गया है। मुख्य कोच थियरी मायोमा, जो खुद गैबॉन के लिए 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, अब इस पद पर नहीं रहेंगे।
ऑबामेयांग और कप्तान भी बाहर
इस कार्रवाई में टीम के दो सबसे बड़े नाम भी चपेट में आ गए हैं। कप्तान ब्रूनो एकुएले मंगा और स्टार स्ट्राइकर पियरे-एमरिक ऑबामेयांग को भी राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया है। ऑबामेयांग गैबॉन के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं, इसके बावजूद सरकार ने उन पर भी नरमी नहीं बरती।
ग्रुप स्टेज में मिली शर्मनाक हार
टूर्नामेंट में गैबॉन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम अपने पहले दो मुकाबले हार गई थी। आखिरी ग्रुप मैच में मौजूदा चैंपियन आइवरी कोस्ट के खिलाफ गैबॉन ने 2–0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन अंतिम मिनटों में टीम पूरी तरह बिखर गई और मुकाबला 3–2 से गंवा बैठी।
स्टॉपेज टाइम में बाज़ौमाना तूरे के निर्णायक गोल ने गैबॉन की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस हार के साथ गैबॉन ग्रुप एफ में सबसे नीचे रहा और टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
सरकार का कड़ा बयान
मैच के बाद गैबॉन सरकार ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि टीम का प्रदर्शन देश के मूल्यों, अनुशासन और खेल भावना के खिलाफ है। सरकार ने—
- राष्ट्रीय टीम को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित
- पूरे तकनीकी स्टाफ को भंग
- ऑबामेयांग और एकुएले मंगा को टीम से बाहर
- फुटबॉल महासंघ को पूरी जिम्मेदारी लेने के निर्देश
जैसे अहम फैसले लिए हैं।
पहले भी लग चुका है झटका
गौरतलब है कि इससे पहले भी गैबॉन फुटबॉल को बड़ा झटका लगा था, जब टीम FIFA वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। क्वालिफायर्स में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद टीम प्ले-ऑफ सेमीफाइनल में नाइजीरिया से हार गई थी।
फुटबॉल सिस्टम में बदलाव तय
सरकार के इस फैसले के बाद गैबॉन फुटबॉल में प्रशासनिक और संरचनात्मक बदलाव लगभग तय माने जा रहे हैं। आने वाले दिनों में नए कोच, नई चयन प्रक्रिया और पूरी टीम के पुनर्गठन की संभावना जताई जा रही है।
AFCON 2025 में मिली यह नाकामी गैबॉन फुटबॉल के लिए एक बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है।
