दुबई। पाकिस्तान ने भारत को अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में 191 रन से करारी शिकस्त देकर दूसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले पाकिस्तान ने 2012 में यह ट्रॉफी जीती थी।
दुबई स्थित आईसीसी अकादमी में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम ने कप्तान फरहान यूसफ की अगुआई में शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 347 रन बनाए।
समीर मिन्हास का शतक, अहमद हुसैन का अर्धशतक
पाकिस्तान की पारी की नींव समीर मिन्हास ने रखी, जिन्होंने 172 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके अलावा अहमद हुसैन ने 56 रन का अहम योगदान दिया, जिससे पाकिस्तान ने विशाल स्कोर खड़ा किया।
156 रन पर सिमटी भारतीय टीम
347 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम दबाव में आ गई और 26.2 ओवर में मात्र 156 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तानी गेंदबाजों का कहर
पाकिस्तान की ओर से अली रजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सय्याम, अब्दुल सुभान और हुजैफा अहसान ने 2-2 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को पूरी तरह झकझोर दिया।
2012 के बाद फिर बना चैंपियन
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने 2012 के बाद दूसरी बार अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की और युवा स्तर पर अपनी मजबूती का एक बार फिर प्रदर्शन किया।
