Tu Meri Main Tera : मुंबई। बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो कार्तिक आर्यन ने अपनी आने वाली फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ के प्रमोशन के बीच हॉलीवुड लीजेंड जॉनी डेप से मुलाकात कर फैंस को सरप्राइज दे दिया। दोनों सुपरस्टार्स की यह अनोखी तस्वीर जैसे ही कार्तिक ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की, सोशल मीडिया पर तहलका मच गया। फोटो में कार्तिक और जॉनी बेहद खुश और सहज नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर फैंस ने इसे ‘एपिक क्रॉसओवर’ करार दे दिया। किसी ने लिखा – “रूह बाबा मिल गए कैप्टन जैक स्पैरो से!”, तो किसी ने कहा – “यह तो दुनिया की सबसे खतरनाक जोड़ी है!”
कार्तिक ने कैप्शन में सिर्फ एक हार्ट और नमस्ते इमोजी डाला, लेकिन यह काफी था फैंस को पागल करने के लिए। कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने हार्ट इमोजी के साथ कमेंट किया, जबकि हजारों फैंस ने इसे ‘ड्रीम कम ट्रू’ बताया। कार्तिक की ‘भूल भुलैया 2’ में रूह बाबा का किरदार और जॉनी डेप का ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ में कैप्टन जैक स्पैरो – दोनों ही किरदार अपनी अनोखी स्टाइल और कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर हैं, यही वजह है कि यह मुलाकात फैंस को सबसे कूल लग रही है।
इसी बीच कार्तिक की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ का प्रमोशन भी जोरों पर है। समीर विद्वांस के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक-ड्रामा पहले 31 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसे प्रीपोन कर 25 दिसंबर (क्रिसमस) कर दिया है। करण जौहर और अदार पूनावाला के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में कार्तिक के साथ अनन्या पांडे लीड रोल में हैं, जबकि नीना गुप्ता और जैकी श्रॉफ अहम किरदार निभा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि क्रिसमस पर ही दिग्गज धर्मेंद्र की फिल्म ‘इक्कीस’ भी रिलीज हो रही है – एक तरफ रोमांस तो दूसरी तरफ देशभक्ति, बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर तय है। फैंस अब इंतजार कर रहे हैं कि कार्तिक का जादू फिर चलेगा या नहीं!
