कोलंबो। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी बल्लेबाज सिदरा अमीन का व्यवहार चर्चा में आ गया। मैच के 40वें ओवर में स्नेह राणा द्वारा पकड़े गए शानदार कैच के बाद आउट होने पर सिदरा ने गुस्से में अपना बल्ला जोर से पिच पर मार दिया।
आईसीसी ने इस घटना को आचार संहिता का उल्लंघन माना और सिदरा अमीन को फटकार लगाई। नियमों के अनुसार खिलाड़ी को मैदान पर अनुचित व्यवहार से बचना चाहिए। सिदरा को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते पाया गया, जो ‘क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदानी उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग’ से संबंधित है। उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया, जबकि यह उनके 24 महीने में पहला अपराध था।

लेवल 1 के उल्लंघन के तहत आईसीसी कम से कम आधिकारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस के 50% तक का जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक तक की कार्रवाई कर सकता है। सिदरा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से हरलीन देओल ने 65 गेंदों में सर्वाधिक 46 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से डायना बेग ने 4 विकेट चटकाए, जबकि सादिया इकबाल और कप्तान फातिमा सना को 2-2 विकेट मिले।

पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 159 रन पर ही सिमट गई। सिदरा अमीन ने सर्वाधिक 81 रन बनाए, जिसमें 1 छक्का और 9 चौके शामिल थे। उनके अलावा नतालिया परवेज ने 33 रन जोड़े। भारत की तरफ से क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि स्नेह राणा ने 2 विकेट हासिल किए।
