रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान की राजधानी टोक्यो में स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर का दर्शन किया। सीएम साय ने ट्वीट के माध्यम से बताया कि यह टोक्यो का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मंदिर है, जो शांति और सामर्थ्य का प्रतीक है। मंदिर दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
जापान और कोरिया दौरे का उद्देश्य
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर गया है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना और राज्य में निवेश के अवसरों को बढ़ावा देना है।
- टोक्यो (22–24 अगस्त): जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस और व्यावसायिक बैठकें।
- ओसाका (25–26 अगस्त): वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध विरासत, नवाचार और उभरते क्षेत्रों को वैश्विक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करना।
- सियोल (27–29 अगस्त): कोरियाई शीर्ष कंपनियों और व्यापार संघों के साथ गोलमेज बैठकें, सेक्टर-विशेष संवाद और निवेश पर चर्चा।
वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन
ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भारत मंडपम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ पवेलियन राज्य की समृद्ध विरासत, नवाचार की संस्कृति और भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों को प्रदर्शित करेगा। पवेलियन में औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे प्रमुख फोकस क्षेत्रों को शामिल किया गया है। अधिकारी बताते हैं कि यह प्रदर्शनी पूरी दुनिया को छत्तीसगढ़ के परिवर्तन और विकास की झलक दिखाएगी।
विकास और निवेश को नई गति
सीएम साय इस दौरे के दौरान इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने का प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य राज्य को वैश्विक निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाना और आर्थिक विकास के नए अवसर खोलना है।
मुख्यमंत्री साय के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव रजत कुमार, सचिव राहुल भगत और सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी इस दौरे में शामिल हैं।
