जंगल क्षेत्र से 100 बल्क लीटर महुआ मदिरा व 1,350 किलोग्राम लाहन बरामद, दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज
गरियाबंद जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई जारी है। कलेक्टर श्री भगवान सिंह उईके के मार्गदर्शन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में जिले की आबकारी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब एवं महुआ लाहन जब्त किया है।
राजिम सर्कल अंतर्गत गश्त के दौरान बरेठिन कोना जंगल क्षेत्र से आबकारी टीम ने 100 बल्क लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा एवं लगभग 1,350 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर जब्त किया। मौके पर ही महुआ लाहन को नष्ट किया गया। इस मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2011) की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
देवभोग क्षेत्र में भी कार्रवाई
इसी क्रम में वृत्त देवभोग अंतर्गत गश्त के दौरान उसरीपानी कच्ची सड़क किनारे एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी से उड़ीसा प्रांत निर्मित ‘ट्रिपल लाल घोड़ा’ छाप कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। शराब 200-200 एमएल की पैकिंग में थी, जिसकी कुल मात्रा 10.40 बल्क लीटर पाई गई। इस प्रकरण में भी अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई है। आरोपियों की पतासाजी जारी है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी-कर्मचारी
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री नागेशराज श्रीवास्तव एवं श्री रजत चंद ठाकुर, आबकारी मुख्य आरक्षक चंद्रोल गायकवाड़, आबकारी आरक्षक पितांबर चौधरी, नगर सैनिक संजय नेताम, मनीष कश्यप, महिला नगर सैनिक हेमाबाई साहू, वाहन चालक शैलेन्द्र कश्यप तथा गोवर्धन सिन्हा शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आगे भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
