केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को कृषि भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) के निदेशक मंडल की 33वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर, कृषि सचिव, ICAR DG सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बागवानी क्षेत्र से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में केंद्रीय मंत्री ने NHB की प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। इनमें शामिल रहे:
- वाणिज्यिक बागवानी विकास योजनाएं
- कोल्ड-चेन अवसंरचना परियोजनाएं
- क्लस्टर विकास कार्यक्रम (CDP) – क्षेत्र आधारित बागवानी क्लस्टरों के माध्यम से उत्पादकता एवं बाजार जोड़ने की पहल
- क्लीन प्लांट प्रोग्राम – उच्च मूल्य वाली फसलों हेतु रोग-मुक्त पौध सामग्री उपलब्ध कराना
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और पूर्णतः किसान-केंद्रित तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि सब्सिडी वितरण में किसी भी तरह की देरी या शिकायत नहीं होनी चाहिए।
बागवानी उत्पादों की सेल्फ लाइफ बढ़ाने पर विशेष जोर
श्री शिवराज सिंह चौहान ने तेजी से खराब होने वाले बागवानी उत्पादों के नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए:
- खराब होने वाली फसलों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के उपाय किए जाएं
- किसानों को नुकसान से बचाने के लिए अवेयरनेस प्रोग्राम चलाए जाएं
- फसलोत्तर प्रबंधन (Post-Harvest Management) और मूल्य संवर्धन पर ज्यादा जोर दिया जाए
एनएचबी की भूमिका को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने बागवानी क्षेत्र की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा:
- गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराई जाए
- फसलोत्तर प्रबंधन और उत्पादकता वृद्धि पर विशेष ध्यान हो
- किसानों को बाजार, कोल्ड-चेन और वैल्यू एडिशन से जोड़ने वाली मजबूत प्रणाली विकसित की जाए
- NHB राज्यवार और क्षेत्रवार स्पष्ट रोडमैप तैयार कर प्रभावी योजना क्रियान्वयन सुनिश्चित करे
तकनीकी प्रकाशनों का विमोचन
बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने NHB द्वारा तैयार गुड एग्रीकल्चर प्रैक्टिस, जैविक खेती मॉडल तथा उन्नत बागवानी तकनीकों से संबंधित तकनीकी प्रकाशनों का विमोचन भी किया। ये प्रकाशन किसानों, उद्यमियों और विशेषज्ञों के लिए उपयोगी संसाधन सिद्ध होंगे।
बागवानी क्षेत्र में समग्र विकास की दिशा में अहम कदम
बैठक में व्यापक प्रतिनिधित्व और सहभागी संवाद के साथ बागवानी क्षेत्र के सुधार, विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड एक स्वायत्त संगठन के रूप में देशभर में वाणिज्यिक बागवानी और कोल्ड-चेन अवसंरचना के सुदृढ़ विकास की दिशा में काम करता है।
