Viral News : नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अनोखा और मजेदार वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स गोरिल्ला का कॉस्ट्यूम पहनकर शादी या पार्टी में लोगों का एंटरटेनमेंट करता नजर आ रहा है। वीडियो के अंत में वह बताता है कि इस काम के लिए उसे कुछ घंटों में ₹5000 मिले, जिसने युवाओं को नया बिजनेस आइडिया देने का काम किया है।
गोरिल्ला बनकर बच्चों के साथ मस्ती
वीडियो में दिखाया गया है कि गोरिल्ला की भारी ड्रेस पहने शख्स पार्टी में पहुंचता है और बच्चों के बीच जाकर उन्हें एंटरटेन करता है। बच्चे उसे देखकर काफी खुश होते हैं और उसके साथ खेल-कूद करते नजर आते हैं। इसके अलावा वह डांस फ्लोर पर जाकर डांस भी करता है और दूसरे गोरिल्ला कॉस्ट्यूम वाले शख्स के साथ मजेदार ‘फाइट’ का सीन भी क्रिएट करता है।
हालांकि, यह काम जितना आसान दिखता है, उतना नहीं है। भारी कॉस्ट्यूम की वजह से बीच-बीच में उसे बाहर निकलकर आराम करना पड़ता है और पानी पीकर फिर से काम पर लौटना पड़ता है।
‘Dhandha On Ground’ पेज ने शेयर किया वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘Dhandha On Ground’ नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि अगर कोई इसे नियमित रूप से करे तो महीने में अच्छी कमाई की जा सकती है। वायरल वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी काफी दिलचस्प हैं। कुछ लोग इसे ‘ड्रीम जॉब’ बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि रोज पार्टी या शादी नहीं होती, इसलिए इतनी कमाई हर दिन संभव नहीं है। कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि कहीं यह रकम पूरी टीम की तो नहीं है।
कुल मिलाकर, यह वीडियो युवाओं को पारंपरिक नौकरी के अलावा अनोखे और क्रिएटिव तरीके से कमाई करने का नया आइडिया दे रहा है। गोरिल्ला कॉस्ट्यूम बिजनेस अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
