उत्तर बस्तर कांकेर, 25 सितम्बर 2025: होमगार्ड नगर सैनिकों ने आज सिंगारभाट और आतुरगांव के बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को फौरी तौर पर रेस्क्यू किया और उनकी जान सुरक्षित बनाई। इस दौरान बाढ़ की चपेट में आए गाय-बकरियों को भी बचाया गया।
नगर सैनिकों ने जिला सेनानी कार्यालय परिसर में मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन और बचाव कार्य का प्रदर्शन किया। इसमें उन्होंने बोट द्वारा प्रभावित क्षेत्र में पहुंचना, ग्रामीणों को लाइफ जैकेट पहनाकर सुरक्षित स्थान पर लाना, जलभराव में फंसे लोगों और मवेशियों का रेस्क्यू करना, भवन में फंसे लोगों को सीढ़ी के माध्यम से निकालना और स्वास्थ्य परीक्षण सहित एम्बुलेंस के जरिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना दिखाया।
नंदनमारा पुल के पास रेस्क्यू ऑपरेशन में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का मार्ग डायवर्ट करने और राहत प्रबंधन का भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राजस्व, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन, वन, स्वास्थ्य, पुलिस, पशु चिकित्सा, विद्युत, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
मॉक ड्रिल में नगर सैनिकों ने एल्युमिनियम बोट, ओबीएम, लाइफ जैकेट, सर्चिंग लाइट, रोप, कटिंग प्लायर, तारपोलिन शीट, फर्स्ट एड बॉक्स, लाइफ बोट ट्रॉली और अन्य बचाव उपकरणों का प्रदर्शन किया।
