सुकमा: आत्मसमर्पित नक्सलियों को निःशुल्क वितरित हुई ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ पत्रिका
सुकमा, छत्तीसगढ़। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ का वितरण एसपी कार्यालय सुकमा में आत्मसमर्पित नक्सलियों को निःशुल्क किया गया। यह कार्यक्रम उस ऐतिहासिक मौके पर आयोजित किया गया, जब ग्राम पंचायत बड़ेसेट्टी को प्रथम नक्सल सदस्य मुक्त पंचायत घोषित किया गया।
इस मौके पर बड़ेसेट्टी पंचायत के 11 माओवादियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया और मुख्यधारा से जुड़कर सामाजिक पुनर्वास की दिशा में एक नया कदम उठाया। आत्मसमर्पित नक्सलियों को छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, ताकि वे पुनः समाज में सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
जनसंपर्क विभाग द्वारा वितरित की गई ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ पत्रिका में राज्य शासन द्वारा लिए गए लोकहितकारी निर्णयों, विकास योजनाओं और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में उठाए गए कदमों की प्रमाणिक जानकारी दी गई है। यह पत्रिका शासन की पारदर्शिता और विकासशील सोच का प्रतिबिंब मानी जा रही है।
