Happy Birthday Yuvraj Singh: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे दमदार ऑलराउंडर्स में गिने जाने वाले युवराज सिंह आज 12 दिसंबर 2025 को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर बीसीसीआई (BCCI) से लेकर देशभर के क्रिकेट फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें दिल खोलकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
बीसीसीआई ने 2011 वर्ल्ड कप की नीली जर्सी पहने युवी की फोटो शेयर करते हुए लिखा—
“402 मैच, 11,778 रन और 148 विकेट… दो वर्ल्ड कप खिताब… हैप्पी बर्थडे युवी!”
पोस्ट में यह भी कहा गया कि युवराज सिंह सिर्फ मैदान पर एक खिलाड़ी नहीं बल्कि जुनून, हौसले और जज्बे की मिसाल हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी और सटीक स्पिन गेंदबाजी ने भारतीय क्रिकेट को कई यादगार जीतें दिलाई हैं।
IPL फ्रेंचाइजियों का भी खास पोस्ट
युवराज को लेकर आईपीएल की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने भी एक भावुक पोस्ट किया। उन्होंने युवी को “हर मायने में चैंपियन” बताते हुए लिखा कि उन्होंने मैदान पर फैंस को बेहतरीन क्रिकेट का रोमांच दिया और अपने दौर में वह एक असली मैच-विनर थे।
युवी ने आईपीएल में आरसीबी, किंग्स इलेवन पंजाब, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों का हिस्सा रहते हुए कई शानदार प्रदर्शन किए।
छह छक्कों से लेकर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ तक
युवराज सिंह का करियर कई अविश्वसनीय पलों से भरा रहा—
- 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में 6 छक्के
- 2011 वर्ल्ड कप में कैंसर से जूझते हुए भी ऐतिहासिक प्रदर्शन
- वर्ल्ड कप के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने
- भारत को वर्ल्ड कप दिलाने में लेकर आए निर्णायक मोड़
कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को मात देकर फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करना—यह युवराज को सच्चा योद्धा बनाता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘Yuvi’, ‘Yuvraj’, ‘Happy Birthday Yuvi’ लगातार ट्रेंड कर रहे हैं।
युवराज सिंह का करियर रिकॉर्ड
| प्रारूप | मैच | रन | सर्वश्रेष्ठ स्कोर (HS) | औसत (Ave) | स्ट्राइक रेट (SR) | शतक (100s) | अर्धशतक (50s) | विकेट्स |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| टेस्ट | 40 | 1900 | 169 | 33.92 | 57.97 | 3 | 11 | 9 |
| वनडे | 304 | 8701 | 150 | 36.55 | 87.67 | 14 | 52 | 111 |
| टी20आई | 58 | 1177 | 77* | 28.02 | 136.38 | 0 | 8 | 28 |
| आईपीएल | 132 | 2750 | 83 | 24.77 | 129.71 | 0 | 13 | 36 |
युवराज सिंह का वनडे करियर शानदार रहा, जहां उन्होंने 8701 रन और 111 विकेट हासिल किए। टी20 इंटरनेशनल में भी वे टीम इंडिया के एक भरोसेमंद खिलाड़ी रहे। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में लंबे वक्त तक खेलने का उनका सपना अधूरा रह गया, लेकिन जो हासिल किया वह बेहद खास था।
