Salman Khan Birthday: मुंबई। बॉलीवुड के दबंग भाईजान सलमान खान ने शनिवार को अपना 60वां जन्मदिन बेहद सादगी और अपनापन भरे अंदाज में मनाया। पनवेल स्थित अपने फार्महाउस में सलमान ने सबसे पहले पैपराजी के साथ केक काटा और फिर खुद अपने हाथों से मीडिया और फैंस को केक खिलाया।
जन्मदिन पर सलमान खान ब्लैक टी-शर्ट और डेनिम जींस में नजर आए। बिना किसी तामझाम के, मुस्कुराते हुए उन्होंने हर किसी का स्वागत किया और परिवार के करीबी सदस्यों के साथ जश्न मनाया। उनके चेहरे पर खुशियों की झलक साफ देखी गई।

पनवेल फार्महाउस के बाहर सलमान के फैंस भी उत्साहित दिखाई दिए। कई लोग केक, पोस्टर और खास तोहफे लेकर पहुंचे। सलमान ने सभी का हाथों-हाथ स्वागत किया, जिससे उनके फैंस का प्यार और उत्साह देखने लायक था।

शाम को सलमान की बर्थडे पार्टी में बॉलीवुड और क्रिकेट जगत के कई सितारे शामिल हुए। संगीता बिजलानी, रकुल प्रीत सिंह, मीका सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, आदित्य रॉय कपूर और जेनेलिया डिसूजा बच्चों के साथ पार्टी में मौजूद रहे। जो सितारे उपस्थित नहीं हो पाए, उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सलमान को शुभकामनाएं दी। जोया अख्तर समेत कई सेलेब्स ने भाईजान के लिए प्यार भरे संदेश शेयर किए।

सलमान खान के फैंस के लिए यह दिन इसलिए भी खास रहा क्योंकि उनकी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की पहली झलक भी इसी दिन रिलीज हुई। फिल्म में सलमान के अपोजिट चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी और इसका निर्देशन अपूर्वा लाखिया ने किया है।
सलमान खान का यह जन्मदिन उनके सादगीभरे अंदाज, फैंस के साथ अपनापन और अपकमिंग फिल्म की झलक के चलते यादगार बन गया।
