Rajya Sabha Election 2026 : नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों में खाली हो रही 37 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च 2026 को कराया जाएगा और मतगणना भी उसी दिन होगी। जिन राज्यों में चुनाव होंगे, उनमें महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार शामिल हैं। ये सीटें अप्रैल में अलग-अलग तिथियों पर रिक्त हो रही हैं।
राज्यसभा क्यों कहलाती है स्थायी सदन
राज्यसभा का कार्यकाल छह वर्ष का होता है, लेकिन हर दो साल में इसके एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त हो जाते हैं। उनकी जगह नए सदस्यों के लिए चुनाव कराए जाते हैं। इसी व्यवस्था के कारण राज्यसभा को कभी भंग नहीं किया जाता और इसे स्थायी सदन कहा जाता है।
राज्यसभा में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि होते हैं। इनका चुनाव संबंधित राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य करते हैं। यह प्रणाली संसद में निरंतरता और संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करती है।
किस राज्य की कितनी सीटें खाली/ कौन हो रहे हैं रिटायर
| राज्य | खाली हो रही सीटें | रिटायर होने वाले सदस्य |
|---|---|---|
| महाराष्ट्र | 7 | डॉ. भगवत किशनराव कराड, डॉ फ़ौज़िया तहसीन अहमद खान, प्रियंका विक्रम चतुर्वेदी, शरदचंद्र गोविंदराव पवार (शरद पवार), धैर्यशील मोहन पाटिल, रजनी अशोकराव पाटिल, रामदास बंदू अठावले |
| ओडिशा | 4 | ममता मोहंता, मुज़िबुल्ला खान, सुजीत कुमार, निरंजन बिशी |
| तमिलनाडु | 6 | एन.आर. एलंगो, पी. सेल्वारासु, एम. थम्बिदुरई, तिरुची सिवा, डॉ. कनिमोझी एन.वी.एन. सोमू, जी.के. वासन |
| पश्चिम बंगाल | 5 | साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर, सुब्रत बक्शी |
| असम | 3 | रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता, अजीत कुमार भुइयां |
| बिहार | 5 | अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा, हरिवंश नारायण सिंह |
| छत्तीसगढ़ | 2 | कवि तेजपाल सिंह तुलसी, फूलो देवी नेताम |
| हरियाणा | 2 | किरण चौधरी, राम चंदर जांगड़ा |
| हिमाचल प्रदेश | 1 | इंदु बाला गोस्वामी |
| तेलंगाना | 2 | डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी, के.आर. सुरेश रेड्डी |
चुनाव कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा
- अधिसूचना जारी होने की तिथि: 26 फरवरी 2026
- नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि: 5 मार्च 2026
- नामांकन पत्रों की जांच: 6 मार्च 2026
- नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 9 मार्च 2026
- मतदान: 16 मार्च 2026, सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक
- मतगणना: 16 मार्च 2026, शाम 5 बजे से
- पूरी चुनाव प्रक्रिया समाप्त करने की अंतिम तिथि: 20 मार्च 2026
इन चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कई राज्यों में सीटों की संख्या और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के चलते मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।
