नई दिल्ली। IPL 2026 के आगाज़ से पहले राजस्थान रॉयल्स ने टीम की कमान युवा भारतीय बल्लेबाज़ रियान पराग को सौंप दी है। 24 वर्षीय पराग अब संजू सैमसन की जगह कप्तानी संभालेंगे। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि कप्तानी अनुभवी ऑलराउंडर Ravindra Jadeja को मिल सकती है, लेकिन फ्रेंचाइजी ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए पराग को जिम्मेदारी दी है।
2019 से टीम का हिस्सा, अब बड़ी जिम्मेदारी
असम से आने वाले रियान पराग 2019 से राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हुए हैं। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था, जो टीम के भरोसे को दर्शाता है। अब तक 84 आईपीएल मैचों में उन्होंने 1566 रन बनाए हैं।
पिछले सीजन में, जब Sanju Samson उपलब्ध नहीं थे, तब पराग ने आठ मैचों में टीम की कप्तानी की थी। हालांकि उस दौरान टीम को सिर्फ दो जीत मिलीं, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनके नेतृत्व कौशल में संभावनाएं देखीं।
सैमसन का सफर और बदलाव
संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल कप्तानों में रहे हैं सबसे ज्यादा मैच, रन और जीत उनके नाम रही। आईपीएल ऑक्शन से पहले ट्रेड डील के जरिए वह Chennai Super Kings से जुड़ गए, जिसके बाद टीम को नए कप्तान की तलाश थी।
अन्य विकल्प भी थे चर्चा में
टीम के पास Yashasvi Jaiswal जैसे महंगे और प्रभावशाली खिलाड़ी भी हैं, जिन्हें 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था और जो कई बार कप्तानी की इच्छा जता चुके हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के ऑलराउंडर Sam Curran भी मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। उनके पास टी20 लीग में कप्तानी का व्यापक अनुभव है, जिसमें आईपीएल और इंटरनेशनल लीग टी20 शामिल है।
राजस्थान रॉयल्स के 7वें फुल-टाइम कप्तान
रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के सातवें फुल-टाइम कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले टीम की कमान Shane Warne, Shane Watson, Rahul Dravid, Ajinkya Rahane, Steve Smith और संजू सैमसन संभाल चुके हैं।
