रायपुर : अमरनाथ यात्रा 2025 की शुरुआत आज राजधानी रायपुर से श्रद्धा और भक्ति के भावपूर्ण वातावरण में हुई। सुबह 11 बजे रायपुर-दुर्ग हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी नारों के साथ रवाना हुआ। स्टेशन परिसर भगवा रंग में रंगा नजर आया, जहां चारों ओर शिवभक्ति का उल्लास और धार्मिक ऊर्जा देखने को मिली।
36 दिनों तक चलने वाली इस पवित्र यात्रा के लिए रायपुर से रवाना हुए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। इस जत्थे की खास बात यह रही कि भारतीय जनता पार्टी के जवाहर नगर मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल और मंडल प्रभारी अर्चना शुक्ला भी बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों के साथ स्वयं यात्रा पर रवाना हुए। यात्रियों के साथ उनका यह कदम न सिर्फ आस्था की मिसाल बना, बल्कि यात्रा को लेकर संगठनात्मक प्रतिबद्धता भी दर्शाता है।
श्रद्धालु भगवा वस्त्रों में, सिर पर गमछा बांधे, जयकारों के साथ भक्ति भाव में लीन होकर ट्रेन में सवार हुए। स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों और परिजनों ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी।
रवाना होने से पहले मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल ने तीर्थयात्रियों से निर्भय होकर यात्रा करने का आह्वान किया और बाबा बर्फानी से सभी की सुखद यात्रा की प्रार्थना की। मंडल प्रभारी अर्चना शुक्ला ने केंद्र सरकार द्वारा यात्रियों के लिए प्रदान की गई सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए भारतीय सेना पर पूरा विश्वास जताया।
इस अवसर पर मंडल मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन और सोशल मीडिया प्रभारी सूरज शर्मा ने सभी यात्रियों का पुष्पहार पहनाकर और भगवा गमछा ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। साथ ही सभी के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और पुण्यदायी यात्रा की मंगलकामना की गई।
अमरनाथ यात्रा 2025 की यह शुरुआत न सिर्फ श्रद्धा का प्रतीक बनी, बल्कि सामूहिक भक्ति, सामाजिक सहभागिता और धार्मिक एकता की एक सुंदर मिसाल भी प्रस्तुत की।