रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्यमियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। वे राजधानी रायपुर में रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर द्वारा आयोजित कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। व्यापार जगत की बेहतरी और उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जीएसटी दरों में कटौती की गई है, जिससे आम जनता को सीधा फायदा मिला है। जीएसटी सुधारों से कई वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है और इसकी प्रक्रिया को भी काफी सरल बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को देश-विदेश में सराहना मिल रही है। प्रदेश को अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सभी प्रमुख सेक्टरों में निवेश आ रहा है और कई प्रस्तावों पर जमीनी स्तर पर काम भी शुरू हो चुका है। रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से नई उद्योग नीति में एक हजार से अधिक रोजगार देने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोटरी क्लब और उद्यमी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भागीदार हैं। रोटरी क्लब न केवल उद्यम को बढ़ावा देता है बल्कि सामाजिक और परोपकारी कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो मध्य भारत का सबसे बड़ा एक्सपो है, जिसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे प्रदेश को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह एक्सपो अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और सेवा कार्यों में क्लब का योगदान सराहनीय रहा है, विशेषकर पोलियो उन्मूलन अभियान में।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मोबाइल आई क्लीनिक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 25 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया तथा इन पर केंद्रित एक पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री राम गर्ग, रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर के सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
