Odisha Plane Crash: ओडिशा के राउरकेला एयरस्ट्रिप पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। भुवनेश्वर से उड़ान भरने वाला एक चार्टर्ड विमान लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गया, जिसके बाद पायलट को इमरजेंसी क्रैश लैंडिंग करानी पड़ी। इस घटना में विमान में सवार 9 लोगों में से 6 लोग घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चार्टर्ड फ्लाइट इंडिया वन एयर की थी, जो भुवनेश्वर एयरपोर्ट से राउरकेला के लिए रवाना हुई थी। विमान जब राउरकेला एयरस्ट्रिप पर उतरने वाला था, तभी उसमें अचानक तकनीकी खराबी आ गई। हालात को भांपते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया, लेकिन विमान रनवे पर संतुलन खो बैठा और क्रैश लैंडिंग हो गई। बताया जा रहा है कि यह 9-सीटर चार्ली-208 विमान था।
6 लोग घायल, सभी सुरक्षित
इस हादसे में चार यात्री और दो क्रू मेंबर घायल हुए हैं। घायल पायलटों की पहचान कैप्टन नवीन कडंगा और को-पायलट तरुण श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वहीं यात्रियों में सुशांत कुमार बिस्वाल, अनीता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कोई गंभीर नहीं, जांच के आदेश
भुवनेश्वर एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रसन्ना प्रधान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
ओडिशा के परिवहन मंत्री बिभूति जेना ने भी इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक बड़ी दुर्घटना बन सकती थी, लेकिन सौभाग्य से सभी यात्री सुरक्षित हैं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी या मैकेनिकल खराबी मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
कुछ देर प्रभावित रहा उड़ान संचालन
हादसे के बाद कुछ समय के लिए राउरकेला एयरस्ट्रिप पर उड़ान संचालन प्रभावित रहा। प्रशासन और विमानन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और विमान को सुरक्षित स्थान पर हटाने की प्रक्रिया शुरू की। अब विमानन सुरक्षा एजेंसियां यह जांच करेंगी कि उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी कैसे आई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
