गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, आदिवासी विकास विभाग के तत्वावधान में गुरुकुल बालक क्रीड़ा परिसर, पेण्ड्रारोड में पाँच दिवसीय विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 21 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में एथलेटिक्स और तीरंदाजी खेलों का विशेष प्रशिक्षण अनुभवी खेल विशेषज्ञों और प्रशिक्षित कोचों द्वारा दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रतिदिन कुल 4 घंटे 30 मिनट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभ्यास सत्र प्रातः 6:30 बजे से 9:00 बजे तक तथा शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आदिवासी विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता, तकनीकी कौशल और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और खेल के क्षेत्र में बेहतर भविष्य का निर्माण होगा।
