Raipur : रायपुर। कोटा मोहबा बाजार में शराब भट्ठी को वापस उसी स्थान पर खोलने के फैसले के खिलाफ स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। प्रभावित क्षेत्र के निवासियों ने आज छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन से उनके निवास कार्यालय अटल नगर, नवा रायपुर में मुलाकात कर शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को 44 पन्नों का आवेदन सौंपा, जिसमें मारुति विहार कॉलोनी, श्रीजी टॉवर, मारुति हाइट, महंत तालाब कृष्णा नगर और ज्योति नगर के 1145 लोगों के नाम, पता, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर शामिल हैं। साथ ही उन्होंने 11 अप्रैल 2025 को विधायक एवं कलेक्टर रायपुर को दिए गए पत्राचार और अब तक हुए प्रदर्शनों के समाचार पत्र कतरनों की कॉपी भी सौंपी।
जन विरोध के बावजूद खुली थी दुकान
बताया गया कि पहले जनता के भारी विरोध के बावजूद शराब भट्ठी जबरन खोल दी गई थी। इसके बाद लोगों ने रायपुर कलेक्टर को फिर पत्र दिया। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो 20 सितंबर 2025 को 500 से अधिक लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। तहसीलदार ने आश्वासन दिया था कि दुकान स्थानांतरित कर दी जाएगी, लेकिन 6 महीने बीत जाने के बाद भी दुकान को हटाया नहीं गया। इससे इलाके में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से आग्रह किया कि जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को तुरंत दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि इलाके के बच्चों, महिलाओं और परिवारों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को रोका जा सके।
आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने प्रतिनिधिमंडल की मांग सुन ली और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान बाजार और आवासीय क्षेत्र के बीच होने से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है, इसलिए इसे जल्द हटाया जाना चाहिए।
