रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में भाजपा जिला रायपुर के जवाहर नगर मंडल की कार्यशाला राठौड़ क्षत्रिय समाज भवन, राठौड़ चौक में आयोजित की गई।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता जिला उपाध्यक्ष हरीश सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सैनिक कल्याण बोर्ड सदस्य राजेश पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री सिंह ने बताया कि सेवा पखवाड़ा सिर्फ कार्यक्रम नहीं बल्कि सेवा, स्वच्छता और समाजहित का अभियान है। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति अभियान, वृक्षारोपण, दिव्यांगजन उपकरण वितरण सहित अनेक गतिविधियां होंगी।

मंडल अध्यक्ष संदीप जघेल ने कहा कि इस बार पखवाड़े में ‘विकसित भारत संकल्प 2047’ को ध्यान में रखते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्वदेशी वस्तु निर्माताओं का मेला लगाया जाएगा और घर बैठे स्वरोजगार कर रहे लोगों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही वार्डों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, सफाई कर्मचारियों, वरिष्ठ प्रबुद्धजन, चिकित्सक, वकील और सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर मंडल प्रभारी अर्चना शुक्ला, पार्षद एवं जोन-7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, MIC सदस्य अवतार सिंह बागल, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रेश शाह, वरिष्ठ नेता नवीन अग्रवाल, पूर्व पार्षद भारती बागल सहित बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
