Raipur : रायपुर। राजधानी रायपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आज पांच दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप की भव्य शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कैंप का उद्घाटन किया और कहा कि बीते दो वर्षों में छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे आमजन तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंच रही हैं।
इस हेल्थ कैंप में देशभर से आए सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 45 से अधिक प्रमुख अस्पतालों की भागीदारी वाले इस आयोजन में कैंसर, हृदय रोग, नेत्र, स्त्री रोग, अस्थि रोग, बांझपन उपचार, आयुर्वेद जैसी विभिन्न चिकित्सा विधाओं से जुड़े विशेषज्ञ निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार और दवाइयां प्रदान कर रहे हैं।

कैंप के आयोजक विधायक राजेश मूणत ने इसे रायपुर को विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने वाला ऐतिहासिक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों से आए डॉक्टरों की वजह से मरीजों को इलाज के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, श्रवण यंत्र, ट्राइसिकल और वैशाखी जैसी सहूलियतें भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह छठवां मेगा हेल्थ कैंप है और पिछले 25 वर्षों में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है। वर्तमान में राज्य में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जो बेहतर स्वास्थ्य ढांचे की मजबूत नींव हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर का बताया और कहा कि एक मंच पर 100 से अधिक चिकित्सकों और 40–50 समाजसेवी संगठनों का जुड़ना अपने आप में मिसाल है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे “स्वास्थ्य का महाकुंभ” बताया और कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर छत्तीसगढ़वासी स्वस्थ रहे और जरूरतमंदों को आयुष्मान योजना के तहत बेहतर इलाज मिले।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री गुरु खुशवंत साहब सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
