छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के उपभोक्ता अब केवल ऊर्जा उत्पादक ही नहीं, बल्कि ऊर्जा दाता भी बन रहे हैं। यह बात उन्होंने राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सौर ऊर्जा जागरूकता और प्रोत्साहन अभियान को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और इसके अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी देते हुए सूर्य रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने 618 उपभोक्ताओं के खातों में प्रति उपभोक्ता 30 हजार रुपये की दर से कुल 1.85 करोड़ रुपये की राज्यांश सब्सिडी का ऑनलाइन अंतरण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2070 तक नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित किया गया है, और छत्तीसगढ़ इस लक्ष्य की प्राप्ति में पूरी क्षमता से योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए हॉफ बिजली बिल से आगे बढ़कर मुफ्त बिजली की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उपभोक्ताओं को सब्सिडी और आसान वित्तीय सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। आगामी समय में उपभोक्ताओं को पूर्ण रूप से मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत आज लाभार्थियों को लेटर ऑफ अवार्ड भी प्रदान किए गए हैं। इन पहलों से उपभोक्ता स्वयं सौर ऊर्जा का उत्पादन कर बिजली का विक्रय कर रहे हैं और सस्ती बिजली का लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ की बिजली उत्पादन क्षमता केवल 1,400 मेगावाट थी, जबकि आज यह 30,000 मेगावाट हो गई है और प्रदेश पड़ोसी राज्यों को भी बिजली उपलब्ध करा रहा है। नई उद्योग नीति के अंतर्गत ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू संपादित हुए हैं, जिससे भविष्य में ऊर्जा उत्पादन क्षमता और बढ़ेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष राजनांदगांव से आए कक्षा 12वीं के छात्र श्री प्रथम सोनी ने सौर ऊर्जा और शासन द्वारा इसे बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचार साझा किए। इस अवसर पर ‘इम्पैक्ट ऑफ डिस्ट्रीब्यूटेड रिन्यूएबल एनर्जी ऑन ग्रिड स्टेबिलिटी’ और ‘एग्रीवोल्टाइक्स परफार्मर हैण्डबुक’ का विमोचन भी किया गया।
साथ ही पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वेंडरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, क्रेडा के चेयरमैन श्री भूपेंद्र सवन्नी, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, क्रेडा के सीईओ श्री राजेश राणा, भारतीय सौर ऊर्जा महासंघ के अध्यक्ष श्री सुमन कुमार और तीनों पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक सहित बड़ी संख्या में सौर ऊर्जा उपभोक्ता उपस्थित थे।
