वैश्विक पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हार्वर्ड इंडिया कॉन्फ्रेंस में अपने हॉलीवुड सफर पर खुलकर बात की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों को दिया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहले से रास्ते तैयार किए। प्रियंका ने ऐश्वर्या राय, इरफान खान और मिंडी कलिंग को ‘ट्रेलब्लेज़र’ बताते हुए कहा कि वे उन्हीं के कंधों पर खड़ी हैं।
प्रियंका ने कहा, “मुझे सच में यकीन है कि मैं उन कमाल के आर्टिस्ट्स के कंधों पर खड़ी हूँ जो मुझसे पहले आए थे। ऐश्वर्या राय जब हॉलीवुड में काम कर रही थीं, तो वह एक आइकॉन थीं। इरफान खान और मिंडी कलिंग ने भी रास्ते खोले। मैं दरवाज़ा इसलिए खोल पाई क्योंकि उन्होंने पहले वह किया जो जरूरी था।”
कॉन्फ्रेंस में भावुक हुईं प्रियंका
कार्यक्रम के बाद प्रियंका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि हार्वर्ड इंडिया कॉन्फ्रेंस में पारंपरिक परिधानों में बड़ी संख्या में भारतीयों को देखकर उन्हें गर्व और खुशी महसूस हुई। उन्होंने याद किया कि जब वह 12 वर्ष की उम्र में पहली बार अमेरिका आई थीं, तब उन्हें अपने जैसे लोग बहुत कम दिखाई देते थे।
ऐश्वर्या और इरफान का वैश्विक प्रभाव
ऐश्वर्या राय उन पहली भारतीय अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्हें वेस्टर्न सिनेमा में प्रमुख भूमिकाएं मिलीं। Bride & Prejudice, The Mistress of Spices और The Pink Panther 2 जैसी फिल्मों में उनके काम ने भारतीय कलाकारों को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दिया।
इरफान खान ने The Namesake, Life of Pi, Jurassic World और Slumdog Millionaire जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं, जिससे भारतीय अभिनेताओं की सशक्त उपस्थिति विश्व सिनेमा में दर्ज हुई।
प्रियंका ने Mindy Kaling को भी प्रेरणा का स्रोत बताया, जिन्होंने अमेरिकी मनोरंजन उद्योग में दक्षिण एशियाई कलाकारों के लिए नए अवसरों के द्वार खोले।
आगे क्या?
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा की अगली फिल्म The Bluff 25 फरवरी को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होगी। इसके निर्देशक फ्रैंक ई. फ्लॉवर्स हैं और फिल्म में कार्ल अर्बन व इस्माइल क्रूज़ कॉर्डोवा भी नजर आएंगे।
इसके अलावा वह S. S. Rajamouli की आगामी फिल्म Varanasi में भी दिखाई देंगी, जिसमें Mahesh Babu और Prithviraj Sukumaran भी अहम भूमिकाओं में होंगे। यह फिल्म 2027 में रिलीज़ होने की संभावना है।
