नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपना 75वां जन्मदिन मनाया, और इस खास मौके पर उन्हें न केवल भारत से बल्कि दुनियाभर से बधाईयां मिलीं। इन बधाइयों में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का संदेश खास चर्चा में रहा, जिसने भारत-इटली संबंधों की मजबूती को रेखांकित किया।
मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक संदेश पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी ताकत, दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता वास्तव में प्रेरणादायक है। मैं उनके स्वास्थ्य और ऊर्जा की कामना करती हूं, ताकि वे भारत को एक उज्जवल भविष्य की दिशा में ले जा सकें और हमारे देशों के बीच संबंधों को और मजबूत कर सकें।”
विश्व के अन्य नेताओं से भी मिली शुभकामनाएं
मेलोनी के अलावा, पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और अन्य बड़े नेताओं से भी जन्मदिन की शुभकामनाएं मिलीं।

डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन करके बधाई दी और कहा, “मैंने अभी-अभी अपने मित्र नरेंद्र मोदी से बात की। वह एक महान नेता हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद!” इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया, “मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके कॉल और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद, राष्ट्रपति ट्रंप। हम अपनी मित्रता और साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।”
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने पीएम मोदी को एक खास दोस्त बताते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत करने की बात कही। वहीं न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने वीडियो संदेश के जरिए पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को प्रगाढ़ करने की इच्छा जताई।
PM मोदी की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर उन्हें मिली यह बधाइयां उनके बढ़ते वैश्विक प्रभाव और कूटनीतिक संबंधों का एक महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। जॉर्जिया मेलोनी का संदेश विशेष रूप से यह दर्शाता है कि भारत और इटली के बीच राजनीतिक और रणनीतिक संबंध एक नए मुकाम पर पहुंच चुके हैं।
