Nitin Nahin : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव हुआ है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें पटका पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर पदभार सौंपा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पार्टी मुख्यालय में नितिन नबीन को बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। 23 मई 1980 को जन्मे नितिन नबीन को 45 वर्ष की उम्र में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिलचस्प बात यह है कि भाजपा की स्थापना भी लगभग इतने ही वर्षों पहले हुई थी।
इसके पहले, कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचने पर नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हवाई अड्डे पर उनका अभिनंदन किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बिहार में नितिन नबीन को एक साफ-सुथरी छवि और संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेता के रूप में जाना जाता है।
भाजपा ने अपने संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संकेत देते हुए अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यदि भविष्य में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है, तो वह भाजपा के सबसे युवा अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड भी कायम कर सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम है, जिन्होंने 49 वर्ष की उम्र में भाजपा अध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
इस मौके पर कई दिग्गज नेताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी ने समारोह को और भव्य बना दिया। नितिन नबीन की नियुक्ति भाजपा के संगठनात्मक मजबूती और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
