नई दिल्ली। भारत को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। उन्हें कुल 452 वोट मिले, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार राधाकृष्णन बड़े अंतर से देश के 17वें उपराष्ट्रपति चुने गए।
चुनाव में कुल 767 सांसदों ने मतदान किया, जबकि वोटिंग का प्रतिशत 98.2% रहा। नतीजों की घोषणा के बाद एनडीए खेमे में उत्साह की लहर दौड़ गई और राधाकृष्णन के गृह जिले तमिलनाडु के तिरुप्पुर में उनके घर के बाहर समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर सीपी राधाकृष्णन को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा, “उनका जीवन सदैव समाज सेवा और गरीबों-वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति साबित होंगे और हमारे संवैधानिक मूल्यों एवं संसदीय संवाद को और मजबूत करेंगे।”

बी सुदर्शन रेड्डी का बयान
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने हार स्वीकार करते हुए कहा, “मैं इस नतीजे को विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं।” उन्होंने राधाकृष्णन को शुभकामनाएं भी दीं।
तिरुप्पुर में जश्न
नतीजे आते ही राधाकृष्णन के पैतृक स्थान तिरुप्पुर में समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय उत्सव मनाया। वहां मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी की गई। लोग इसे दक्षिण भारत के लिए गर्व का क्षण बता रहे हैं, क्योंकि राधाकृष्णन दक्षिण के उन चुनिंदा नेताओं में हैं जिन्होंने भाजपा को नई पहचान दिलाई।
