वृंदावन : भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, मंगलवार को वृंदावन स्थित स्वामी प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज के आश्रम पहुंचे। यह जोड़ा आध्यात्मिक ऊर्जा की तलाश में आश्रम पहुंचा और स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक धार्मिक यात्रा मानी जा रही है। आश्रम में दोनों काफी साधारण वेशभूषा में पहुंचे थे सफेद कपड़े और चेहरे पर मास्क लगाए हुए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दोनों को आश्रम की ओर शांतिपूर्वक बढ़ते हुए देखा गया।

स्वामी प्रेमानंद जी महाराज से यह उनकी दूसरी मुलाकात थी। इससे पहले जनवरी 2025 में वे अपने दोनों बच्चों वामिका और अकाय के साथ आश्रम आए थे। उस मुलाकात में स्वामी जी और विराट-अनुष्का दोनों भावुक हो गए थे। इस बार दोनों अकेले पहुंचे और भगवद् भक्ति से जुड़ी कई बातें कीं।
वायरल वीडियो में एक खास क्षण तब देखने को मिला जब अनुष्का शर्मा स्वामी जी से पूछती हैं, “बाबा, क्या भगवान का नाम लेने से सारी चिंताएं दूर हो जाती हैं और भगवद् की प्राप्ति हो जाती है?” इस पर स्वामी जी भावुक होकर उत्तर देते हैं, “पूरा। यह हम अपने जीवन के अनुभव से कहते हैं।”

इस मुलाकात का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, फैंस भावुक हो गए और विराट-अनुष्का की सादगी और आध्यात्मिक झुकाव की सराहना करने लगे। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर आश्रम के आधिकारिक हैंडल ने भी यह वीडियो साझा किया है, जिसे हजारों लोगों ने देखा और साझा किया है।
विराट और अनुष्का का यह कदम बताता है कि प्रसिद्धि और सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद वे अपने आध्यात्मिक मूल्यों और सरल जीवनशैली से जुड़े हुए हैं।
