अयोध्या, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार और अन्य देव विग्रहों की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया। यह आयोजन गंगा दशहरा के पावन अवसर पर हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में रामलला की आरती की और गर्भगृह में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने प्रथम तल पर राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की अध्यक्षता की। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से लगभग 50 मिनट तक वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासी अनिल मिश्रा ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का मुहूर्त 11 बजकर 25 मिनट से 11 बजकर 40 मिनट के बीच तय किया गया था। इस दौरान मंदिर परिसर के आठ अन्य देवालयों का भी अभिषेक किया गया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कहा, “प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्रीराम दरबार सहित अष्ट देवालयों में पवित्र देव विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा हेतु आयोजित कार्यक्रम का साक्षी बनने का परम सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।”
गौरतलब है कि श्रीराम मंदिर में रामलला की मूर्ति की पहली प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में की गई थी।
—