Mosque Wall Collapsed: जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहर के भट्टा बस्ती इलाके स्थित फिरदौस मस्जिद की दीवार अचानक गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दीवार गिरने से करीब 19 लोग मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
नमाज के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की फिरदौस मस्जिद में हुई। उस समय जुमे की नमाज चल रही थी और मस्जिद में करीब एक हजार लोग मौजूद थे। नमाज खत्म होने के बाद लोग बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक मस्जिद की एक दीवार ढह गई और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए।
19 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे सभी 19 लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से आठ लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है।
कमजोर दीवार गिरने की आशंका
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मस्जिद की एक दीवार सिंगल ईंट की बनी हुई थी, जो काफी कमजोर थी। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चे दीवार के पास खेल रहे थे और सेल्फी ले रहे थे। अचानक जब वे भागने लगे तो दीवार पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और वह ढह गई।
नमाज के बाद बाहर निकलते समय हुआ हादसा
मस्जिद कमेटी के सदस्यों के अनुसार, जिस जगह दीवार गिरी, वहां आमतौर पर लोग चप्पल उतारते हैं। जुमे की नमाज खत्म होने के बाद जब लोग बाहर निकल रहे थे, तभी दीवार गिर गई और कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में घायल एक व्यक्ति शमशेर ने बताया कि वह नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे थे, तभी ऊपर से अचानक दीवार गिर गई।
जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक अमीन कागजी, विधायक हाकम अली और असरार कुरैशी विधानसभा से सीधे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है और यदि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
