धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने देर रात कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया।
सराईपाली तहसील के ग्राम बालसी में अनिल ट्रेडर्स के गोदाम से 375 कट्टा और रोशन ट्रेडर्स के गोदाम से 50 कट्टा धान जब्त किया गया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग, खाद्य निरीक्षक और मंडी सचिव की संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत की गई।
इसी प्रकार ओड़िशा सीमा से अवैध रूप से लाए जा रहे 80 कट्टा धान को नायब तहसीलदार प्रकृति एवं मंडी टीम ने जब्त किया।
वहीं, तहसील पिथौरा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम छोटे लोरम में साहेब लाल पटेल के गोदाम से 600 बोरी, ग्राम लालमाटी में बीसीकेशन पिता रूपसाय के घर से 200 बोरी, तथा गोमती पति गंगाराम के घर से 100 बोरी धान जब्त किया। यह कार्रवाई एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
कलेक्टर विनय लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व कोई भी व्यक्ति या व्यापारी अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन न करे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम विरुद्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि जिले की सीमाओं पर निगरानी और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि न हो सके।
