जशपुर, छत्तीसगढ़: महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सरगुजा संभाग के दौरे पर हैं। इसी कड़ी में उन्होंने जशपुर जिले के ग्राम रूपसेरा और लोदाम स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पोषण आहार वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण, शिक्षा गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित सेवाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने मासूम बच्चों को गोद में लेकर दुलार किया और चॉकलेट भी वितरित की।
मंत्री राजवाड़े ने कहा,
“आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के भविष्य को आकार देने की पहली पाठशाला हैं। इसे और सशक्त बनाना हमारी साझा जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण पोषण और शिक्षा उपलब्ध कराना ही विभाग का मूल उद्देश्य है।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम रूपसेरा और लोदाम के आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सक्षम और सुव्यवस्थित बनाया जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक बच्चा स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित वातावरण में बड़े हो, और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने मंत्री के निरीक्षण और निर्देशों का स्वागत किया।