Iran War : तेहरान/तेल अवीव। अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते सैन्य टकराव के बीच मध्य पूर्व में हालात और अधिक विस्फोटक होते जा रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में अमेरिका के एक पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) ने दावा किया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अली रजा अराफी की भी मौत हो चुकी है। हालांकि, तेहरान की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।
खामेनेई के बाद बनी थी नई नेतृत्व परिषद
इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने जानकारी दी थी कि अमेरिकी और इजराइली हमलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद एक नई नेतृत्व परिषद ने कार्यभार संभाल लिया है।
इस परिषद में राष्ट्रपति पेजेशकियान के साथ न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेही और अयातुल्ला अली रजा अराफी शामिल थे। अब अराफी की कथित मौत की खबर ने ईरान की राजनीतिक स्थिति को और अनिश्चित बना दिया है।
दुबई के बाद कुवैत पर हमले
क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान ने रविवार को दुबई पर हमले किए थे। सोमवार को कुवैत को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुवैत में एक अमेरिकी F-15 फाइटर जेट को ड्रोन हमले में मार गिराया गया।
इसके अलावा कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास के पास धुआं उठने की सूचना भी मिली है, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बहरीन में रेड अलर्ट, ब्रिज बंद
तनाव को देखते हुए बहरीन में एयर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
राजधानी मनामा को अन्य शहरों से जोड़ने वाले शेख खलीफा बिन सलमान ब्रिज को एहतियातन बंद कर दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही मुख्य सड़कों का उपयोग करें।
मध्य पूर्व में बढ़ता अस्थिरता का खतरा
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने पूरे मध्य पूर्व को अस्थिरता के दौर में धकेल दिया है। क्षेत्र के कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है।
