Switzerland Blast : क्रांस-मोंटाना। स्विट्ज़रलैंड के प्रतिष्ठित और लग्जरी स्की रिसॉर्ट शहर क्रांस-मोंटाना में नए साल की सुबह एक भयानक हादसा हुआ। अल्पाइन स्की रिसॉर्ट के बार के तहखाने में देर रात करीब डेढ़ बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसमें अब तक लगभग 40 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके की वजह और हादसे का विवरण
पुलिस के अनुसार, धमाका उस समय हुआ जब रिसॉर्ट में नए साल का जश्न चल रहा था और बार के भीतर 100 से अधिक लोग मौजूद थे। विस्फोट बार के तहखाने में हुआ, जबकि बार की कुल क्षमता करीब 400 लोगों की थी। सोशल मीडिया और स्थानीय रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हादसे का कारण आतिशबाजी में हुई चूक हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने इसे आधिकारिक तौर पर अभी तक पुष्टि नहीं की है।
दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और पूरे इलाके को सुरक्षा के लिए घेराबंदी में लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में हेलीकॉप्टर और स्थानीय बचाव दल जुटे हुए हैं।
मृतकों और घायलों की स्थिति
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। रेडियो स्टेशन रोनएफएम के मुताबिक, धमाके में कई दर्जन लोग हताहत हुए हैं। मृतकों की पहचान और संख्या को लेकर पुलिस लगातार जांच कर रही है।
क्रांस-मोंटाना: अल्पाइन लग्जरी का केंद्र
जहां यह हादसा हुआ, वह क्रांस-मोंटाना स्विट्ज़रलैंड का एक मशहूर हिल स्टेशन है। यह क्षेत्र दक्षिण-पश्चिमी स्विट्ज़रलैंड के वालेस कैंटन में स्थित है और अपने स्की रिसॉर्ट्स, शानदार नजारों और हाई-एंड लाइफस्टाइल के लिए जाना जाता है। क्रांस-मोंटाना समुद्र तल से लगभग 1,500 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है, और यहाँ से ऐल्प्स पर्वत श्रृंखला के अद्भुत दृश्य दिखाई देते हैं।
