भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर इजराइल के संस्कृति एवं खेल मंत्री मिकी जोहार ने भारत-इजराइल संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारत को इजराइल का भरोसेमंद रणनीतिक साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते केवल मित्रता तक सीमित नहीं, बल्कि साझा हितों और भविष्य की समान दृष्टि पर आधारित हैं।
सोमवार को हर्जलिया में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोहार ने कहा कि भारत का गणतंत्र दिवस अब इजराइलियों के लिए भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि इसी दिन इजराइल ने 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले के बाद गाजा से आखिरी बंधक रैन ग्विली के अवशेष बरामद करने की घोषणा की।
जोहार ने कहा,
“आज हमारे लिए भी एक खास दिन है। हमारे आखिरी बंधक के अवशेष स्वदेश लौट आए हैं। आपकी खुशी हमारी खुशी है और यह हमारे देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक है।”
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकी हमले में लगभग 1,200 इजराइलियों की मौत हुई थी, जबकि 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था।
करीब 300 लोगों की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम में जोहार ने भारत की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत स्वतंत्रता, दृढ़ता और आत्मबल का प्रतीक है, जो इजराइलियों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत-इजराइल संबंध और अधिक गहरे, व्यापक और गतिशील हुए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच करीबी तालमेल को भी द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूती का अहम कारण बताया। जोहार ने 2017 में मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान दोनों नेताओं की चर्चित समुद्र तट वाली तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि इस दोस्ती ने संबंधों को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाया है।
इजराइली मंत्री ने रक्षा, नवोन्मेष, कृषि, जल प्रबंधन, विज्ञान, स्वास्थ्य और उभरती तकनीकों में बढ़ते सहयोग का भी उल्लेख किया। साथ ही तेल अवीव और नई दिल्ली के बीच एयर इंडिया की सीधी उड़ानों के विस्तार को द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा देने वाला कदम बताया।
जोहार ने 7 अक्टूबर के हमले के बाद भारत के समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि इजराइल इसे हमेशा याद रखेगा।
कार्यक्रम में इजराइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गणतंत्र दिवस संदेश के अंश पढ़े। बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय और भारतीय मूल के यहूदियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
