नई दिल्ली : International Yoga Day 2025: स्वस्थ जीवन के लिए सिर्फ शरीर का नहीं, बल्कि मन का स्वस्थ होना भी बेहद जरूरी है। आज की तेज़ रफ्तार और तनाव भरी जिंदगी में योग ही एक ऐसा माध्यम है जो न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक संतुलन भी बनाए रखता है। हर साल 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाया जाता है ताकि लोग योग के महत्व को समझें और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
अगर आप भी खुद को अंदर से तरोताज़ा और ऊर्जावान महसूस करना चाहते हैं, तो इन 5 आसान और प्रभावी योगासनों को रोजाना की आदत बनाएं। ये न सिर्फ आपकी बॉडी को फिट रखेंगे, बल्कि माइंड को भी शांत और फोकस्ड बनाएंगे।
1. ताड़ासन (Mountain Pose)
ताड़ासन आपके शरीर की मुद्रा को सीधा और मजबूत बनाता है। यह रीढ़ की हड्डी को खींचता है, संतुलन और एकाग्रता को बेहतर करता है। इसके नियमित अभ्यास से तनाव और बेचैनी दूर होती है और आत्मविश्वास में भी इज़ाफा होता है।
2. वृक्षासन (Tree Pose)
वृक्षासन संतुलन और स्थिरता को बढ़ाने वाला आसन है। यह पैरों की मांसपेशियों को मजबूत करता है और मानसिक फोकस को सुधारता है। मानसिक भटकाव को रोकने और मन को शांत रखने में यह आसन बेहद मददगार है।
3. बालासन (Child’s Pose)
बालासन एक रेस्टिंग पोज़ है जो शरीर और मन को आराम देता है। यह पीठ और गर्दन के दर्द को राहत पहुंचाता है, साथ ही तनाव, थकान और चिंता को भी कम करता है। इसे दिनभर की भागदौड़ के बाद जरूर करें।
4. भुजंगासन (Cobra Pose)
यह आसन पीठ को मजबूत करने और रीढ़ की लचीलापन बढ़ाने में मदद करता है। इससे छाती खुलती है और फेफड़े बेहतर काम करते हैं। यह मानसिक तनाव को दूर कर, शरीर को तरोताज़ा करने में बेहद प्रभावी है।
5. शवासन (Corpse Pose)
योग का समापन शवासन के बिना अधूरा है। यह पूरे शरीर को विश्राम देता है और तंत्रिका तंत्र को शांत करता है। इससे नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है और मन को शांति मिलती है।
