Indonesia Nursing Home Fire: मनाडो। इंडोनेशिया के नॉर्थ सुलावेसी प्रांत की राजधानी मनाडो में रविवार रात एक नर्सिंग होम में भीषण आग लग गई, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई। आग की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और तीन फायर इंजन की मदद से रात 9:30 बजे तक आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग पाल दुआ डिस्ट्रिक्ट के पैंटी वेरधा दमाई नर्सिंग होम में रात 8:36 बजे लगी। आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना की पूरी जांच कर रही है। साथ ही चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है और पीड़ितों की पहचान के लिए भायंगकारा हॉस्पिटल में डेटा इकट्ठा किया जा रहा है, ताकि शव परिवारों को सौंपे जा सकें और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
आग के दौरान कई लोग अपने आप को बचाने के लिए भागने में सफल रहे। बचाए गए लोगों को पास के मनाडो सिटी रीजनल हॉस्पिटल और परमाता बुंडा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
इंडोनेशिया में यह हादसा सुरक्षा की कमियों को उजागर करता है। इससे पहले 22 दिसंबर को सेमारंग, सेंट्रल जावा में बस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत और 19 लोग घायल हो गए थे। बस की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ था।
अधिकारियों ने कहा है कि दोनों घटनाओं ने देश में सुरक्षा उपायों को कड़ा करने की जरूरत को फिर से स्पष्ट किया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों को लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
