Raipur : रायपुर। कौशल विकास और तकनीकी दक्षता के राष्ट्रीय मंच इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता में राज्य के प्रतिभागियों ने कुल 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
चार चरणों में हो रही है प्रतियोगिता
भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता चार चरणों—जिला, राज्य, क्षेत्रीय (रीजनल) और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता रखते हैं। राज्य सरकार कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने इसे “सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़” के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
भुवनेश्वर में हुआ ईस्ट जोन प्रतियोगिता का समापन
ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता का आयोजन 2 मार्च को भुवनेश्वर में संपन्न हुआ। इसमें ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 विभिन्न कौशल श्रेणियों में हिस्सा लिया।
छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत, 5 कांस्य पदक तथा 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस सहित कुल 16 सम्मान अर्जित किए।
इन प्रतिभागियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल ने स्वर्ण पदक जीता।
3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर और सीएनसी टर्निंग में आत्माराम ने रजत पदक हासिल किया।
कांस्य पदक विजेताओं में सीएनसी मिलिंग में निखिल, इलेक्ट्रॉनिक्स में अभिषेक कुमार, प्लंबिंग एवं हीटिंग में रेशमान और वेब टेक्नोलॉजी में सतेंद्र कुमार शामिल हैं।
वहीं रिन्यूएबल एनर्जी में नोहर लाल पटेल, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ओम बंजारे और हेल्थ एंड सोशल केयर में अंतरा मुखर्जी को मेडल ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया।
राज्य स्तर पर हुआ व्यापक आयोजन
छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। जिला स्तर पर 19 कौशल ट्रेड्स में आयोजित प्रतियोगिता में 3327 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 381 प्रतिभागी राज्य स्तर के लिए चयनित हुए।
3 और 4 फरवरी को रायपुर, दुर्ग और रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद 38 प्रतिभागियों का चयन रीजनल स्तर के लिए किया गया।
नवाचारों के साथ हुआ पारदर्शी संचालन
राज्य में पहली बार कौशल तिहार 2025 और मोबाइल आधारित एमसीक्यू परीक्षा जैसे नवाचारों के माध्यम से प्रतियोगिता को पारदर्शी और व्यापक रूप से आयोजित किया गया।
