दुबई। एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह मुकाबला दोनों देशों के बीच हालिया तनाव और पहलगाम आतंकी हमले के बाद खेला गया पहला मैच था। भारत ने मैदान पर अपनी ताकत दिखाने के साथ-साथ पाकिस्तान को सख्त संदेश भी दिया।
मैदान पर भारत का दबदबा
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार 14 सितंबर को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान की टीम को हर मोर्चे पर पूरी तरह से मात दी। टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारत के सामने पाकिस्तान की टीम अनुभवहीन साबित हुई। कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम के अन्य खिलाड़ी जैसे शिवम दुबे ने निर्णायक प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई।
हाथ नहीं मिला, संदेश स्पष्ट
मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर चली गई और पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिला। आमतौर पर मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ हाथ मिलाते हैं, लेकिन इस बार भारत ने इस परंपरा का पालन नहीं किया। पाकिस्तानी कोच माइक हेसन समेत पूरी टीम मैदान पर लाइन लगाकर हाथ मिलाने के लिए इंतजार करती रही, लेकिन टीम इंडिया ने सीधे ड्रेसिंग रूम में लौटकर दरवाजा बंद कर दिया।

इस कदम के जरिए टीम इंडिया ने पाकिस्तान को न केवल मैदान पर हराया, बल्कि उन्हें यह सख्त संदेश भी दिया कि भारतीय टीम नापाक हरकतों को भूल नहीं सकती।
सूर्या ने क्यों नहीं मिलाया हाथ
टॉस के दौरान भी सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा, “सरकार, बीसीसीआई और टीम की सोच एक जैसी थी। पूरी टीम ने मिलकर यह फैसला लिया। हम यहां खेलने आए थे और इसका जवाब मैदान पर दिया।”
सूर्यकुमार ने इस जीत को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और भारतीय सुरक्षाबलों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ जीत नहीं, बल्कि देश के लिए एकजुटता और सम्मान का संदेश भी है।
