IND vs SA : रायपुर। 3 दिसंबर को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे वनडे के लिए दोनों टीमें सोमवार को रायपुर पहुंच गईं। रांची से चार्टर्ड फ्लाइट से आई टीम इंडिया और प्रोटियाज टीम को देखने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सैकड़ों फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल समेत सभी स्टार्स को देखते ही “भारत-भारत” के नारे गूंज उठे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुंबई से आई स्पेशल लग्जरी बसों में दोनों टीमें सीधे नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिसॉर्ट होटल रवाना हुईं।
2 दिसंबर को साउथ अफ्रीका दोपहर 1:30 बजे और टीम इंडिया शाम साढ़े 5 बजे से नेट प्रैक्टिस करेगी। स्टेडियम को चमकाया जा रहा है – 70 प्रतिशत काम पूरा, टूटी कुर्सियां बदली गईं, रंग-रोगन हुआ, मैदान को नया लुक दिया गया। पिछले मैच में फैन के मैदान में घुसने की घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा पुख्ता की गई है। जालियों की ऊंचाई बढ़ाई गई, अतिरिक्त गार्ड तैनात किए गए और पेन, पानी की बोतल, खाने-पीने की कोई भी चीज ले जाना सख्त मना होगा।
खिलाड़ियों के खाने-पीने का भी खास इंतजाम है। टीम इंडिया को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों के साथ सभी राज्यों की डिशेज मिलेंगी, जबकि साउथ अफ्रीका के लिए विदेशी मेन्यू तैयार किया गया है। मैच वाले दिन भी होटल से स्पेशल न्यूट्रीशियन डाइट सीधे स्टेडियम पहुंचेगी। मैच दोपहर 1 बजे शुरू होगा, इसलिए दर्शकों को समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है।
