Vijay Hazare Trophy 2025-26: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह है उनका विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में खेला गया तूफानी शतक, जिसने घरेलू क्रिकेट में नया जोश भर दिया है। विदर्भ के खिलाफ खेलते हुए हार्दिक ने ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने दर्शकों से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक सभी को हैरान कर दिया।
जब हार्दिक पांड्या लय में होते हैं, तो गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं और 3 जनवरी को यही नजारा देखने को मिला। इस दिन उन्होंने अपने करियर की उन पारियों में से एक खेली, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
करियर में पहली बार लगाया वनडे फॉर्मेट में शतक
घरेलू वनडे टूर्नामेंट में यह हार्दिक पांड्या का करियर का पहला शतक रहा। उन्होंने सिर्फ 68 गेंदों में शतक पूरा किया और 92 गेंदों पर 133 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 11 गगनचुंबी छक्के और 8 चौके निकले।

नंबर 7 पर उतरकर बदला मैच का रुख
हार्दिक ने यह पारी अपनी स्टेट टीम बड़ौदा के लिए नंबर 7 पर बल्लेबाजी करते हुए खेली। मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए उन्होंने विदर्भ के गेंदबाजों की एक न चलने दी और टीम को सम्मानजनक स्कोर 293 रन तक पहुंचाया।
एक ओवर में 34 रन, गेंदबाजों पर कहर
हार्दिक पांड्या की पारी का सबसे रोमांचक पल 39वां ओवर रहा, जिसमें उन्होंने लगातार 5 छक्के और 1 चौका जड़ते हुए कुल 34 रन बटोर लिए। यह ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत
न्यूजीलैंड के खिलाफ आने वाली वनडे सीरीज से पहले हार्दिक की यह पारी टीम इंडिया के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। लंबे समय से इस खास उपलब्धि का इंतजार कर रहे हार्दिक पांड्या ने आखिरकार अपने बल्ले से बता दिया कि वे अब भी बड़े मैचों के बड़े खिलाड़ी हैं।
