मुंबई। आज पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे चमकते सितारों में से एक, गुरु रंधावा अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। 30 अगस्त 1991 को पंजाब के गुरदासपुर जिले में जन्मे गुरशरणजोत सिंह रंधावा ने अपनी मेहनत, आवाज और अनोखी पहचान के साथ वह मुकाम हासिल किया है, जो हर सिंगर का सपना होता है। आज गुरु रंधावा न केवल पंजाब, बल्कि बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय संगीत इंडस्ट्री में भी एक बड़ा नाम बन चुके हैं।
शुरुआत: छोटे स्टेज से बड़े मंच तक
गुरु रंधावा का संगीत सफर बहुत साधारण था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शादियों और छोटे स्टेज शोज से की। उस दौरान उन्हें यह एहसास हुआ कि उनका असली जुनून संगीत में है। 2012 में उन्होंने अपना पहला गाना ‘सेम गर्ल’ रिलीज किया, जिसमें उन्होंने ब्रिटिश सिंगर अर्जुन के साथ काम किया था। हालांकि यह गाना ज्यादा सफल नहीं रहा, लेकिन यह गुरु के सफर का पहला कदम था।

पहली एल्बम और सफलता का सिलसिला
2013 में गुरु रंधावा ने अपनी पहली एल्बम ‘पेज वन’ रिलीज की। लेकिन असली सफलता उन्हें 2015 में मिली जब उन्होंने रैपर बोहेमिया के साथ सुपरहिट गाना ‘पटोला’ गाया। इस गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। दिलचस्प बात यह है कि गुरु को ‘गुरु’ नाम भी बोहेमिया ने ही दिया था। ‘पटोला’ के बाद गुरु ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और उनका स्टारडम लगातार बढ़ता गया।
हिट गानों से मिली पहचान
गुरु रंधावा के गाने जैसे ‘लाहौर’, ‘हाई रेटेड गबरू’, ‘सूट’, ‘मेड इन इंडिया’, ‘ईशारे तेरे’, ‘स्लोली स्लोली’, और ‘दारु वारगी’ ने पार्टी और शादी समारोहों में धूम मचाई। उनके गाने ‘लाहौर’ को यूट्यूब पर 1.1 बिलियन से ज्यादा और ‘हाई रेटेड गबरू’ को 1.2 बिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। इनके कई गाने 500 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुके हैं।

बॉलीवुड में एंट्री
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में सफलता के बाद, गुरु रंधावा ने 2017 में ‘हिंदी मीडियम’ फिल्म के गाने ‘सूट सूट करदा’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ‘तुम्हारी सुलु’, ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘नवाबजादे’, और ‘ब्लैकमेल’ जैसी फिल्मों में भी अपनी आवाज दी।
विवाद और सफलता
गुरु रंधावा का गाना ‘अजुल’ विवादों में रहा, क्योंकि इसमें आरोप लगाया गया था कि स्कूली लड़कियों की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया। बावजूद इसके, यह गाना यूट्यूब पर 40 मिलियन से ज्यादा व्यूज के साथ ट्रेंड कर रहा है।

जेन-जी आइकॉन
आज गुरु रंधावा न सिर्फ भारत, बल्कि इंटरनेशनल लेवल पर भी एक बड़ा नाम बन चुके हैं। उनकी आवाज और गाने उन्हें जेन-जी का आइकॉन बना चुके हैं। उनका संगीत दुनिया भर के युवाओं को प्रभावित करता है और उनकी पहचान आज एक ग्लोबल सुपरस्टार के रूप में बन चुकी है।
