समर्थन मूल्य बढ़ने से रूपेश कुमार की शादी और घर बनाने की इच्छा होगी पूरी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदने के फैसले से किसानों में खुशी की लहर है। प्रदेश के उपार्जन केंद्रों पर किसानों के चेहरों पर संतोष और उत्साह साफ दिख रहा है।
जीपीएम जिले के गौरेला विकासखण्ड के ग्राम नेवसा नवापारा के युवा किसान रूपेश कुमार राठौर इस सकारात्मक बदलाव की मिसाल बन गए हैं। रूपेश ने इस वर्ष 7 एकड़ में धान की खेती की है और धनौली उपार्जन केंद्र में 80 क्विंटल धान बेचने के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोबाइल ऐप के जरिए स्वयं टोकन लेकर उन्हें आसानी से धान बेचने का अवसर मिला।
रूपेश ने कहा, “सरकार द्वारा समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त राशि दिए जाने से आमदनी में बड़ा इजाफा हुआ है। अब हमारी मेहनत का सही दाम मिल रहा है।” उन्होंने बताया कि इस आमदनी से वे अपने और अपने भाई की शादी का खर्च निकालेंगे और यदि धन बचा तो घर निर्माण का सपना भी पूरा करेंगे।
किसानों की सुविधा के लिए शुरू की गई डिजिटल टोकन व्यवस्था की रूपेश ने खास सराहना की। उनका कहना है कि मोबाइल ऐप से धान विक्रय प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता दोनों बढ़ी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय ने किसानों का मनोबल और उम्मीद दोनों बढ़ाई हैं।
